आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी खतरा, पण्डेर में लोगों में डर का माहौल
पंडेर जहाजपुर जिल्हा विभागीय उपसंपादक गणपतलाल रेगर
पण्डेर - कस्बे में स्थित सब स्टेशन पण्डेर से टिठोड़ी ग्रिड तक जा रही हाईटेंशन विद्युत लाइन अब आमजन के लिए चिंता का विषय बन गई है। यह लाइन घनी आबादी वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है, जिसमें कई मकान, पुलिस थाना, राजकीय अस्पताल और बैंक जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लाइन के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरती इन हाईटेंशन तारों को लेकर लोगों में भय का माहौल है। खासकर गर्मी और आंधी-तूफान के मौसम में तारों के टूटने या स्पार्किंग होने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे बड़े हादसे की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि कई बार तारों से चिंगारी गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि या तो इन लाइनों को भूमिगत किया जाए या फिर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। वहीं, सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जल्द कार्रवाई की आवश्यकता जताई है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले पर कब तक संज्ञान लेता है और आमजन को राहत मिलती है। भीलवाड़ा जहाजपुर से खास रिपोर्ट गणपत लाल

