सीएलजी बैठक सम्पन्न: शांति व्यवस्था, यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति और साइबर अपराधों पर हुआ मंथन..
(भीलवाडा राजस्थान विभागीय संपादक गणपतलाल रेगर)
पण्डेर। 27 जुलाई स्थानीय पुलिस थाना परिसर में सोमवार को पुलिस-जन सहयोग (सीएलजी) की बैठक जहाजपुर पुलिस उपाधीक्षक रेवडमल मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक रेवडमल मौर्य ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक रहने, किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से सतर्क रहने तथा धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। सड़क सुरक्षा को लेकर दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आग्रह किया गया। साथ ही क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम को लेकर भी चर्चा करते हुए ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया गया। बैठक में थानाधिकारी शिम्भु दयाल, प्रशासक शंकरलाल गुर्जर, पूर्व वार्ड पंच कैलाश चन्द्र तिवाड़ी, पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी गोपाललाल रेगर, समाजसेवी देवराज भाट, युवा नेता सुरेश माली, बाबूलाल भाट, हेमराज जाट, केदार, रामप्रसाद जाट, शंकरलाल, दुर्गालाल, रामप्रसाद मीणा, खलील मोहम्मद सहित अनेक सीएलजी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा। जहाजपुर भीलवाड़ा से खास रिपोर्ट गणपत लाल

