सेवा शिविरों में मिनटों में मिले अधिकार: न दफ्तरों के चक्कर, न लंबा इंतजार; आमजन को हाथोंहाथ मिला समाधान
(भीलवाडा राजस्थान विभागीय संपादक गणपतलाल रेगर)
पण्डेर। राज्य सरकार के महाअभियान के तहत गुरुवार को पण्डेर स्थित बजरंग वाटिका परिसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन को एक ही छत के नीचे 22 से अधिक सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में राजस्व, पंचायत राज, कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जलदाय, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जहाजपुर-कोटड़ी विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय पर राहत मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर के दौरान जवाहरनगर बस्ती के लोगों ने लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है तथा गंदगी और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासनिक अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं कस्बेवासियों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष जमकर नाराजगी जताई। लोगों ने आरोप लगाया कि 8 से 10 दिन के अंतराल में पानी की आपूर्ति होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुप्रीम भाट एवं केदार भाट ने बताया कि अनियमित जलापूर्ति के कारण लोगों को दूर-दूर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। इस पर जलदाय विभाग के अधिकारियों ने पेयजल व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने मालियों के तालाब की चादर के समीप हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी छत्रपाल चौधरी, नायब तहसीलदार शैतान मीणा, विकास अधिकारी सीताराम मीणा, प्रशासक शंकर लाल गुर्जर, ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक प्रतिहार, समाजसेवी ज्ञानचंद कंजर, भूतपूर्व सरपंच जगदीश चन्द्र ताम्बी, देवराज भाट, युवा नेता सुरेश माली तथा पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी गोपाल लाल रेगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन पर ग्रामीणों ने इसे जनहित की प्रभावी पहल बताते हुए संतोष व्यक्त किया। जहाजपुर भीलवाड़ा से खास रिपोर्ट गणपत लाल

