रोठा प्रकरण में फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए*
*दोषी को फांसी की सजा दी जाए; पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता प्रदान की जाए – डिजिटल मीडिया संपादक पत्रकार संघ की ओर से गृह मंत्री को ज्ञापन*
*(विदर्भ मराठवाडा संपादक अब्दुलकदीर जेष्ठ पत्रकार वर्धा जिल्हा)
वर्धा जिले के रोठा (ता. सेलू) में 12 वर्षीय आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ हुई अमानवीय दरिंदगी एवं निर्मम हत्या की घटना के विरोध में डिजिटल मीडिया संपादक पत्रकार संघ, हिंगणघाट की ओर से महाराष्ट्र के गृह मंत्री को उपविभागीय अधिकारी, हिंगणघाट के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
संघ ने इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा (फांसी) दिलाने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, आवश्यक सुरक्षा तथा सभी शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच पूरी कर किसी भी दोषी को कानून के शिकंजे से बचने का अवसर न दिए जाने की मांग की गई। साथ ही राज्य में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कठोर निवारक उपाय लागू कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी व्यवस्था स्थापित करने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने काले वस्त्र धारण कर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उपस्थित लोगों ने कहा कि रोठा की यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है तथा पीड़िता को शीघ्र न्याय और दोषी को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
*फोटो कैप्शन :*
रोठा की नाबालिग बच्ची के साथ हुई दरिंदगी एवं हत्या के विरोध में तथा विभिन्न मांगों को लेकर डिजिटल मीडिया संपादक पत्रकार संघ की ओर से उपविभागीय अधिकारी, हिंगणघाट के माध्यम से महाराष्ट्र के गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।

