पण्डेर में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान का आयोजन, विधायक गोपीचंद मीणा रहे मुख्य अतिथि
भीलवाडा राजस्थान विभागीय उपसंपादक गणपतलाल रेगर
पण्डेर -7 मई राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 19 मार्च 2026 से प्रारंभ किए गए ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान’ के तहत गुरुवार को कस्बे की बालाजी वाटिका में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा किसानों एवं आमजन को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा उपस्थित रहे। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही विधायक गोपीचंद मीणा ने कस्बे के विकास को नई दिशा देते हुए लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत से अटल पथ निर्माण की घोषणा भी की। घोषणा के बाद उपस्थित ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रार्थी रामराज बैरवा को कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी भी मंच से साझा की गई। कृषि क्षेत्र में किसानों को दी जा रही सहायता, अनुदान योजनाओं तथा आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं के प्रति रुचि दिखाई और अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान जहाजपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मांगीलाल जैन, पूर्व प्रशासक शंकर लाल गुर्जर, समाजसेवी ज्ञानचंद कंजर, समाजसेवी देवराज भाट , सुरेश माली, गोपाल लाल रेगर, रामप्रसाद जाट, बाबूलाल भाट सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में कस्बेवासियों की मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अंत में सभी ने मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान को गांवों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। भीलवाड़ा जहाजपुर से खास रिपोर्ट गणपत लाल

